google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

पत्रकार को बदनाम करने की कोशिश, परिवार की बुजुर्ग महिला तक पर की अभद्र टिप्पणी, जिला प्रेस क्लब ने खोला मोर्चा-

पत्रकार को बदनाम करने की कोशिश, परिवार की बुजुर्ग महिला तक पर की अभद्र टिप्पणी, जिला प्रेस क्लब ने खोला मोर्चा-

पटाखा दुकानों की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर बनाया निशाना, पिता और 87 वर्षीय दादी को भी विवाद में घसीटने का आरोप, एसपी से साइबर जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग-

बालोद: जनहित की खबरों से उपजे विवाद में अब पत्रकार और उनके परिवार को सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने का मामला गरमा गया है। पत्रकार रवि भूतड़ा पर व्यक्तिगत आरोप लगाने के साथ उनके परिवार के सदस्यों और 87 वर्षीय बुजुर्ग दादी के प्रति कथित अभद्र टिप्पणियां किए जाने के विरोध में जिला प्रेस क्लब एकजुट होकर सामने आया है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण को ज्ञापन सौंपकर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबर की साइबर जांच कराने तथा दोषी के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले की शुरुआत दीपावली के दौरान सरदार पटेल मैदान में संचालित पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर प्रकाशित खबरों के बाद हुई। इस विषय पर रवि भूतड़ा सहित जिले के अन्य पत्रकारों ने भी समाचार प्रकाशित किए थे। आरोप है कि इसके बाद मोबाइल नंबर 9479045786 से सलीम चौहान नाम की सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए विभिन्न वाट्सएप ग्रुपों में केवल रवि भूतड़ा को निशाना बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की गई। इनमें अवैध वसूली और नौकरी लगाने के नाम पर पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। प्रेस क्लब ने इसे पत्रकार की सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा धूमिल करने और जनहित के मुद्दे उठाने से हतोत्साहित करने का प्रयास बताया है।

पत्रकार से विवाद में परिवार को घसीटने पर नाराजगी-
मामले का सबसे संवेदनशील पहलू यह है कि पटाखा दुकानों से जुड़ी खबरों से प्रत्यक्ष संबंध नहीं रखने वाले राहुल भूतड़ा और उनके परिवार को भी कथित तौर पर विवाद में घसीटा गया। आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट में उनके पिता और परिवार की बुजुर्ग दादी के प्रति भी अभद्र टिप्पणियां की गईं। करीब 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला पूर्व में सरपंच रह चुकी हैं और वर्तमान में करहीभदर पंचायत की पंच हैं। क्षेत्र में सामाजिक रूप से सम्मानित महिला के प्रति इस तरह की टिप्पणी सामने आने से नाराजगी है। प्रेस क्लब ने कहा कि किसी पत्रकार से मतभेद होने पर उसके परिवार के सदस्यों और बुजुर्गों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है।

एसपी से साइबर जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग-
जिला प्रेस क्लब ने ज्ञापन में संबंधित मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट के वास्तविक उपयोगकर्ता की पहचान करने, आपत्तिजनक पोस्ट के डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा पोस्ट तैयार करने और प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच करने की मांग की है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य लागू कानूनों के तहत उचित कार्रवाई और पत्रकार रवि भूतड़ा तथा उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उल्लेखनीय है कि रवि भूतड़ा इस संबंध में पहले ही सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा चुके हैं

अन्य पत्रकार और सामाजिक संगठन भी उठा सकते हैं मुद्दा-
घटनाक्रम को लेकर पत्रकारों के साथ सामाजिक स्तर पर भी नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, अन्य पत्रकार समूहों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी अगले कार्यालयीन दिवस में पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं। इससे मामला पत्रकार की व्यक्तिगत शिकायत से आगे बढ़कर पत्रकारों की प्रतिष्ठा, परिवार के सम्मान और सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की मर्यादा से जुड़ा मुद्दा बनता नजर आ रहा है।

प्रेस क्लब का दो टूक संदेश: असहमति का अधिकार, लेकिन बदनाम करने की छूट नहीं-
जिला प्रेस क्लब ने कहा कि जनहित में समाचार प्रकाशित करना पत्रकार का पेशेवर दायित्व है। किसी खबर से असहमति होने पर संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने और कानूनी प्रक्रिया अपनाने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी पत्रकार को व्यक्तिगत रूप से बदनाम करना, उसके परिवार को विवाद में घसीटना और बुजुर्ग महिला के प्रति अभद्र टिप्पणी करना उचित नहीं है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई जरूरी है, ताकि स्वतंत्र पत्रकारिता के वातावरण पर दबाव न बने।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष संतोष साहू, संरक्षक ओम टुवानी, महासचिव राहुल भूतड़ा, रवि भूतड़ा, अरुण उपाध्याय, नरेश श्रीवास्तव, सुप्रीत शर्मा, शंकर साहू, विनोद जैन, जागेश्वर सिन्हा, मोहनदास मानिकपुरी सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे। अब पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *