
संजय बैस के हाथों भर्रीटोला में नवीन धान खरीदी केंद्र एवं सेवा सहकारी समिति का भव्य शुभारंभ
पहले ही दिन 8 किसानों से 340 क्विंटल धान की खरीदी, किसानों को अब अपने ही गांव में मिलेगी धान विक्रय की सुविधा

भर्रीटोला। क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। किसानों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। भाजपा नेता एवं जनसेवक संजय बैस के हाथों ग्राम पंचायत भर्रीटोला में नवीन सेवा सहकारी समिति एवं धान खरीदी केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। नवीन सेवा सहकारी समिति पंजीयन क्रमांक 308 के प्रारंभ होने से अब भर्रीटोला सहित आसपास के गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए दूरस्थ खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। किसानों को अपने ही गांव में धान विक्रय की सुविधा मिलने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता संजय बैस रहे, जबकि अध्यक्षता जनपद सदस्य श्रीमती आशा आर्य ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत भर्रीटोला की सरपंच श्रीमती राजकुमारी देहरी, ग्राम पंचायत राजही के सरपंच श्री गौतम राणा, पूर्व सरपंच माखन कोठारी, संतोष जैन, भाजपा नेता कमलकांत साहू, पुष्पजीत बैस एवं पंकज जेठवानी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि संजय बैस ने फीता काटकर नवीन सेवा सहकारी समिति एवं धान खरीदी केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर किसानों एवं ग्रामीणों ने अतिथियों का आत्मीय एवं जोशीला स्वागत किया।
शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि संजय बैस ने पहले किसान गोपीराम को माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनकी उपज का वजन कराकर धान खरीदी की औपचारिक शुरुआत की। पहले ही दिन केंद्र में 8 किसानों से लगभग 340 क्विंटल धान की खरीदी की गई। अपने गांव में ही धान विक्रय की सुविधा मिलने से किसानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
संजय बैस के प्रयासों से वर्षों पुराना सपना हुआ साकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय बैस ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए अत्यंत उत्साह और गौरव का दिन है। भर्रीटोला एवं आसपास के किसानों की लंबे समय से मांग थी कि उनके गांव में ही नवीन सेवा सहकारी समिति एवं धान खरीदी केंद्र प्रारंभ किया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे गांवों में भटकना न पड़े। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मैंने लगातार प्रयास किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय जी के आशीर्वाद एवं सहयोग से आज यह सपना साकार हो पाया है।
उन्होंने कहा कि नवीन समिति प्रारंभ होने से अब किसानों को केवल धान बेचने की सुविधा ही नहीं मिलेगी, बल्कि खाद, बीज एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जैसी कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ भी अपने गांव में ही मिल सकेगा। यह किसानों के समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
संजय बैस ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किए जाने का निर्णय किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं, निर्धारित खरीदी मानकों के अंतर्गत किसानों की वास्तविक उपज कम होने की स्थिति में अंतर की राशि सीधे उनके खातों में अंतरित करने की व्यवस्था भी किसानों को राहत देने वाली पहल है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति और अंतिम किसान तक पहुंचे।
संजय बैस के प्रयासों के लिए सरपंच ने जताया आभार
स्वागत भाषण देते हुए ग्राम पंचायत भर्रीटोला की सरपंच श्रीमती राजकुमारी देहरी ने कहा कि आज हमारे गांव और पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। हम सभी क्षेत्रवासी प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हमारे गांव में नवीन सेवा सहकारी समिति एवं धान खरीदी केंद्र की सौगात दी। अब हमारे किसान भाइयों को धान बेचने के लिए दूसरे गांवों में नहीं जाना पड़ेगा। खाद, बीज एवं केसीसी जैसी सुविधाएं भी गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने विशेष रूप से संजय बैस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हमारे क्षेत्र के किसान लंबे समय से इस मांग को उठा रहे थे। संजय बैस ने किसानों की इस समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझकर लगातार प्रयास किया, जिसके परिणामस्वरूप आज हमारा वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। इसके लिए मैं पंचायत एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से उनका हृदय से धन्यवाद करती हूं।
विकास के लिए प्रतिबद्ध है प्रदेश की भाजपा सरकार : आशा आर्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद सदस्य श्रीमती आशा आर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि विकास और जनसमस्याओं के निराकरण के प्रति प्रदेश की भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता आज धरातल पर दिखाई दे रही है। हमारे क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य हो रहे हैं। आज का दिन विशेष रूप से गौरवशाली है, क्योंकि हमारे पूर्वजों और क्षेत्र के किसानों का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। अब किसानों को अपने ही गांव में धान बेचने की सुविधा मिलेगी। यह पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम के अंत में समिति प्रबंधक विनोद यादव ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हरेसिंग गुनेंद्र, ग्राम पटेल तुलेश राम मसियारे, कृष्ण नायक, पोषण धनकर, सर्वे राम, रामाधीन कुरेटी, गजेंद्र गुनेंद्र, डोमन गुनेंद्र, झगरू करेंद्र, गुलशन कोठारी, प्रताप भुरखुरिया, मोतीलाल इस्दा, गोदावरी बाई सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
भर्रीटोला में नवीन धान खरीदी केंद्र एवं सेवा सहकारी समिति का शुभारंभ क्षेत्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब किसानों को धान विक्रय के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। किसानों ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए संजय बैस के प्रयासों की सराहना की।
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904