बालोद cg24 आजतक
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कहा कि जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें। धान खरीदी का कार्य शासन की प्राथमिकताओं में से है। महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने जिले के शतप्रतिशत पात्र किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन की तिथि 10 नवम्बर 2020 तक वृद्धि की गई है। धान विक्रय हेतु किसानों के पंजीयन में आ रही समस्याओं का निराकरण करें तथा शेष पात्र किसानों का पंजीयन शीघ्र कराएॅ। उन्होंने वन अधिकार पट्टाधारी किसानों के पंजीयन की भी जानकारी ली।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, कांटा-बांट, कम्प्यूटर, आर्द्रतामापी यंत्र, बिजली, पेयजल, शौचालय आदि मूलभूत व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने नवीन धान खरीदी केन्द्रों में भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में बारदाना की उपलब्धता की जानकारी ली तथा धान खरीदी के समय बारदाना की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समितियों से शेष बचे धान का शतप्रतिशत उठाव शीघ्र करा लिया जाए। कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लें। बैठक में अपर कलेक्टर ए.के.बाजपेयी, एस.डी.एम. बालोद श्रीमती सिल्ली थाॅमस, एस.डी.एम. डौण्डीलोहारा ऋषिकेश तिवारी, एस.डी.एम. गुण्डरदेही भूपेन्द्र अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर आर.एस.ठाकुर, जिला खाद्य अधिकारी एच.एल.बंजारे, जिला विपणन अधिकारी शशांक सिंह, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।