प्रभारी सचिव ने गोधन न्याय योजना के तहत् वर्मी
कम्पोस्ट निर्माण और विक्रय की प्रगति की ली जानकारी
बालोद cg24 आजतक.
बालोद जिले के प्रभारी सचिव उमेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि शासन के दिशानिर्देशों के अनुरूप जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित करें। समितियों में बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित हो। उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव शीघ्र शुरू कराएॅ। श्री अग्रवाल आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने जिले में कोविड-19 के प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की और शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के तहत् वर्मी कम्पोस्ट निर्माण और विक्रय की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर जनमेजय महोबे, अपर कलेक्टर ए.के.बाजपेयी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश कुमार चन्द्राकर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रेमलता चंदेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
प्रभारी सचिव अग्रवाल ने जिले में धान उपार्जन केन्द्रों की संख्या, धान चबूतरा निर्माण तथा समितियों में बारदाना की उपलब्धता की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 126 धान उपार्जन केन्द्र हैं और कुल धान चबूतरों की संख्या 957 है। तीन दिसम्बर 2020 तक की स्थिति में धान खरीदी की मात्रा 03 लाख 31 हजार 853 क्विंटल है। बैठक में खरीफ वर्ष 2020-21 हेतु जिले में प्रारंभ नवीन समितियाॅ, नवीन धान उपार्जन केन्द्र और उपलब्ध बारदानों की जानकारी दी गई।
प्रभारी सचिव श्री अग्रवाल ने जिले में कोविड-19 के प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 हास्पिटल बालोद पूर्ण रूप से व्यवस्थापित किया जा चुका है, बिस्तर की क्षमता एक सौ है, जिसमें आई.सी.यू. के छह बिस्तर और वेंटिलेटर के चार बिस्तर उपलब्ध है। कोविड हाॅस्पिटल एवं कोविड केयर सेंटर्स में कुल बिस्तर क्षमता 684 है, कुल भर्ती मरीज की संख्या 265 और कुल 419 रिक्त बिस्तर उपलब्ध है। होम आइसोलेशन में रखे कुल 374 मरीजों का उपचार घर में ही किया जा रहा है। जिले में एम्बुलेंस पर्याप्त है। प्रभारी सचिव श्री अग्रवाल ने होम आइसोलेशन में रहकर उपचार करा रहे मरीजों की प्रतिदिन माॅनीटरिंग करने के निर्देश दिए।
जिले के प्रभारी सचिव अग्रवाल ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण व विक्रय की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने गोधन न्याय योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि जिले के 129 गौठानों में गोधन न्याय योजना प्रारंभ है। योजना के तहत खरीदे गए गोबर की कुल मात्रा एक लाख 15 हजार 350 क्विंटल है। निर्मित वर्मी कम्पोस्ट की मात्रा 1537.10 क्विंटल है। वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय शुरू है। बैठक की समाप्ति पर कलेक्टर महोबे ने आभार व्यक्त किया।