रायपुर cg24 आजतक

छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रम पढ़ई तुंहर दुआर कार्यक्रम के तकनीकी टीम को 18वां CSI e-Governance Award 2020 में अवार्ड ऑफ रेकग्निशन देने की घोषणा की गई है। छत्तीसगढ़ टीम को यह सम्मान 12 फरवरी को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण काल में छत्तीसगढ़ सरकार ने यह संकल्प लिया कि बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकेगी, इसके फलस्वरूप विपरीत परिस्थितियों के बावजूद राज्य में पढ़ई तुंहर दुआर की पूरी टीम ने वेब पोर्टल बनाया और कार्य प्रारंभ किया। इसमें दिन-प्रतिदिन नए नए आयाम जुड़ते गए, कारवां बनता गया और सफलता मिलती गई।
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेम सिंह टेकाम ने राज्य की टीम को बधाई देते हुए कहा की हमारे राज्य की तकनीकी टीम ने सिद्ध कर दिखाया हैं और छत्तीसगढ़, शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए इसी तरह सतत प्रयास करता रहेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 7 अप्रैल 2020 को पढ़ई तुंहर दुआर कार्यक्रम को शुभारंभ किया था। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला एवं राज्य तकनीकी टीम द्वारा लॉकडाउन के समय एक सप्ताह के भीतर घर से ही पोर्टल निर्मित कर छत्तीसगढ़ के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए समर्पित किया था, जिससे पढ़ने लिखने में काफी मदद मिली। इसके बाद लगातार, एनआईसी के सहयोग से cgschool.in पोर्टल में नए-नए फीचर्ज को जोड़ा गया ताकि घर से पढ़ाई सुगम एवं सरल तरीके से बच्चों तक पहुंचायी जा सके।
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904