google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बालोद जिला के कोरोना वायरस से बचाव एवं रोकथाम के उपायों की समीक्षा की

सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं के लोगों से कोरोना वायरस से बचाव अभियान में सहयोग करने की अपील

Cg24आजतक न्यूज

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा बालोद जिले के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले में कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। भगत ने जिले के कोविड केयर सेंटरों में बेड की उपलब्धता, ऑक्सीजन युक्त बेड, कोविड केयर सेंटरों में बिजली, पानी आदि मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सहित कोरोना टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कोरोना बचाव एवं नियंत्रण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही शासन के गाईड लाइन के कड़ाई से पालन कराते हुए लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने पर बल दिया।
    मंत्री भगत ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले के सामाजिक संगठन और चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों से भी चर्चा की। उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव व रोकथाम के लिए इन संस्थाओं को सहभागिता प्रदान करने की अपील की। वर्चुअल बैठक में सचिव उमेश अग्रवाल भी उपस्थित थे।
वर्चुअल बैठक में कलेक्टर जनमेजय महोबे ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव व रोकथाम के लिए बालोद जिला अंतर्गत सम्पूर्ण क्षेत्र को 10 अप्रैल 2021 शाम 06 बजे से 19 अप्रैल 2021 प्रातः 06 बजे तक कन्टेनमेट क्षेत्र घोषित किया गया है। जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। मरीजो को काल करके फॉलोअप लिया जा रहा है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर कोविड टेस्टिंग सेंटर संचालित है। वहां फीवर क्लिनिक भी संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विकासखंड में मोबाइल चलित दल उपलब्ध है, जो भ्रमण कर कोविड टेस्टिंग कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त बाजार, सब्जी मंडी, बैंक, मिल इत्यादि स्थानों पर भी सतत् शिविर लगाकर कोविड टेस्टिंग की जा रही है। जिले में अब तक 02 लाख 20 हजार से भी ज्यादा कोविड टेस्टिंग की जा चुकी है। दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। राज्य से प्राप्त वैक्सीन उपलब्धता के आधार पर 45 वर्ष से अधिक उम्र के पात्र नागरिकों को कोरोना का टीकाकरण लगाया जा रहा है। जिले में अब तक एक लाख 1124 नागरिकों को प्रथम डोज का टीका लगाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *