google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने बीज प्रक्षेत्र बाना का मुआयना किया : बीज उत्पादन कार्यक्रम को सराहा

    रायपुर cg24 आजतक न्यूज़

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने धरसीवां ब्लॉक स्थित शासकीय बीज प्रक्षेत्र, बाना का मुआयना किया। उन्होंने इस प्रक्षेत्र में फलदार पौधों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की सब्जियों के उच्च क्वालिटी के पौधे तैयार करने के कार्यक्रम की सराहना की। इस दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा उनके साथ थी। मंत्री श्रीमती भेड़िया एवं सांसद श्रीमती छाया वर्मा ने प्रक्षेत्र में फलदार पौधों की ग्राफ्टिंग नर्सरी और उच्च क्वालिटी के सब्जी बीज से तैयार पौधों का अवलोकन किया और किसानों को इसके वितरण के संबंध में प्रक्षेत्र के प्रभारी से जानकारी ली।
    प्रक्षेत्र प्रभारी ने बताया कि उद्यानिकी विभाग द्वारा नर्सरी में बीज के माध्यम से विभिन्न प्रकार की सब्जियों के पौधे तैयार किए जाते हैं, जिन्हें किसानों को बहुत ही कम दाम में सब्जी उत्पादन के लिए मुहैया कराया जाता है। नर्सरी में यदि कोई किसान सब्जी बीज लेकर आता है तो उससे भी पौधे तैयार कर उसे उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था है। उन्होंने हल्दी, जिमीकंद, सेम, बरबट्टी के साथ-साथ बैगन की ग्राफ्टिंग, आमरी भाजी की खेती का अवलोकन किया। मंत्री श्रीमती भेड़िया ने आर्किड के फूलों की खेती को बढ़ावा देने की बात कही।
    गौरतलब है कि शासकीय बीज प्रगुणन प्रक्षेत्र बाना में उन्नत तकनीक द्वारा बीजों से पौधे बनाने की प्रक्रियाओं की जाती है। इस केन्द्र में सब्जी-बीज प्रगुणन यूनिट भी स्थापित की गई है। बाना बीज केन्द्र 75 एकड़ क्षेत्रफल में बना है। बाना प्रक्षेत्र में प्रति वर्ष विभिन्न प्रजातियों के फलदार, वानिकी एवं सब्जी की प्रजातियों के दो करोड़ पौधे तैयार करने की क्षमता है। यहां पर फलदार, वानिकी और सजावटी पौधे तैयार कर किसानों को निर्धारित शासकीय दर पर उपलब्ध कराए जाते हैं। केन्द्र में मिस्ट चेम्बर एवं पॉलीहाउस भी निर्मित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *