google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

बच्चों को नशापान से दूर रखने जागरूक करें – अध्यक्ष श्रीमती तेज कुंवर नेताम



बाल अधिकारों पर समीक्षा बैठक
सह उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित
बालोद 29 अक्टूबर 2022
छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती तेज कुंवर नेताम की अध्यक्षता में आज सर्किट हाउस बालोद में बाल अधिकारों पर समीक्षा बैठक सह उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। अध्यक्ष श्रीमती नेताम ने बैठक में एजेण्डावार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशापान से दूर रखने जागरूकता लाएॅ। उन्होंने लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत दर्ज प्रकरणों व निराकरण की समीक्षा करते हुए विशेषतः मुआवजा राशि दिलाने हेतु पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को अनिवार्य एवं निःशुल्क शिक्षा अधिनियम 2009 के क्रियान्वयन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्कूल भवनों की जानकारी लेते हुए जर्जर भवनों का प्रस्ताव बनाने तथा स्कूल में प्रवेशित बच्चों को नशा और मोबाईल से दूर रखने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष श्रीमती नेताम ने जिले में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने जिले में बच्चों से संबंधित संस्थाओं, बालगृह और अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित गृहों में बच्चों के उत्तम विकास, देखभाल तथा सुरक्षा संबंधी सम्पूर्ण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने जिले में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल अधिकारों के संबंध में की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने जिले में बच्चों के कोविड टीकाकरण, सामान्य टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केन्द्र सहित जिला चिकित्सालय में शिशुओं के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारी को बाल श्रमिक मिलने की सूचना पर तत्काल नियोक्ता पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय कर बाल संरक्षण के मुद्दो पर कार्रवाई करें। समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य श्रीमती पुष्पा पाटले, श्रीमती आशा संतोष यादव सहित पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, आबकारी विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *