
डौण्डी लोहारा, 17 नवंबर 2025
डौण्डी लोहारा की लोकप्रिय विधायक और वरिष्ठ नेत्री श्रीमती अनिला भेड़िया जी ने छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही भारी परेशानियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है और राज्य सरकार की व्यवस्थाओं पर तीखा प्रहार किया है।
श्रीमती भेड़िया ने एक प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि राज्य में धान खरीदी के संबंध में शासन की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि सरकार द्वारा जिन नए धान खरीदी केंद्रों को शुरू करने की घोषणा की गई थी, वे अब तक चालू नहीं हो पाए हैं।
उन्होंने स्थिति की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा, “किसान दुविधा में हैं कि वे धान खरीदी केंद्र चालू करवाने के लिए आंदोलन करें या अपना किसानी का महत्वपूर्ण काम करें।” उन्होंने सवाल उठाया कि जब खरीदी का समय आ गया है, तो प्रशासनिक और विभागीय लापरवाही के चलते नए केंद्रों पर ताले क्यों लटके हैं?
श्रीमती भेड़िया ने कहा कि यह स्थिति दर्शाती है कि शासन किसानों के प्रति संवेदनशील नहीं है और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता नहीं दे रहा है। किसान कड़ी मेहनत से फसल उगाते हैं, लेकिन सरकार की अव्यवस्था के कारण उन्हें अपनी ही उपज बेचने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है और उन्हें सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया जी ने राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने और सभी घोषित धान खरीदी केंद्रों को बिना किसी देरी के तुरंत चालू करवाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के किसानों को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके और वे शांतिपूर्वक अपनी उपज बेच सकें।
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904