
सूरजपुर लालूू यादव
युवक कांग्रेस के घोषित हुए सांगठनिक चुनाव को लेकर प्रदेश निर्वाचन अधिकारी मुकेश सहारन व संभागीय निर्वाचन अधिकारी ठाकुर सिंह बिष्ट ने जिला मुख्यालय में चुनावों के संदर्भ में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में बताया कि संगठन का चुनाव आॅनलाईन प्लेटफार्म पर होगा। दिल्ली से चुनाव संपन्न कराने पहुंचे निर्वाचन अधिकारियों ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि बीस अप्रैल से चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है और प्रदेश से लेकर जिला तक की सभी इकाईयां भंग हो गई है। युवक कांग्रेस के चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि 2016 में युवक कांग्रेस के चुनाव हुए थे और तीन-चार वर्षों में चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण होती है, किन्तु कोरोना महामारी के कारण पिछले दो वर्षों से चुनाव टल रहा था। बीस अप्रैल से प्रदेश और जिलों में नामांकन के साथ चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव आॅनलाईन प्लेटफार्म पर होगा, जिसमें नामिनेशन, आपत्ति, स्कूटनी के बाद मेम्बरशीप व मतदान की प्रक्रिया भी डिजिटल प्लेटफार्म पर होगी। 18 से 35 वर्ष के आयु के युवा ही संगठन चुनाव में हिस्सा ले सकेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि ऐसी प्रक्रिया है कि जो जितनी जल्दी नामिनेशन भरेगा उसका सिरियल नम्बर भी उतना ही उपर होगा। इस चुनाव में एसटी.एससी महिला वर्ग, माइनोरिटी ओबीसी व हैण्डीकैप के लिए नामिनेशन का प्रावधान है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में नामिनेशन के लिए तीन हजार रूपए व विधानसभा में नामिनेशन के लिए 1500 रूपए की फीस निर्धारित है तथा सदस्य बनने के लिए 50 रूपए की फीस निर्धारित की गई है। तीन माह के चुनावी प्रोसेस में चार चरणों के बाद चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण होगी। इस दौरान प्रदेश निर्वाचन अधिकारी मुकेश सहारन ने पत्रकारों के पूछे गये सवालों का भी जवाब दिया और कहा कि युवक कांग्रेस का कार्य नये नेता चुनना है और नेतृत्व करने के लिए युवाओं को आगे लाने का कार्य राहुल गांधी कर रहे हैं। वहीं उन्होंने चुनाव की सम्पूर्ण प्रक्रियाओं से अवगत कराया और जिज्ञासाओं को लेकर भी उनका जवाब दिया।प्रेस कांफ्रेस के उपरंात जिले के वरिष्ठ कांग्रेस के नेताओं सहित विधायकों व युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने स्थानीय सर्किट हाउस में पहुंच पीआरओ व जेडआरओ से सौजन्य मुलाकात की।
प्रतापपुर के मामले में ध्यानाकर्षण
पीआरओ श्री सहारन के सामने प्रतापपुर विधानसभा के युवा नेताओं ने आपत्ति दर्ज करते हुए कहा कि वे जब सूरजपुर जिले का हिस्सा हैं तो उन्हें बलरामपुर जिले में क्यों शामिल किया गया है. वहीं जिला कांग्रेस व एनएसयूआई संगठन में प्रतापपुर विकासखण्ड सूरजपुर में ही है, ऐसे में युवक कांग्रेस में भी प्रतापपुर को सूरजपुर सांगठनिक जिले में रखने की मांग वहां के युवा नेताओं ने की और सवाल उठाया कि प्रतापपुर को क्यों अलग किया गया है.
कांग्रेस संगठन में भी मची खलबली
युवक कांग्रेस के चुनावों को लेकर जिला संगठन में भी खलबली मच गई है. दर्जनों दावेदारों के बीच युंका का चुनाव कांग्रेस संगठन के लिए मुसीबत का सबब भी बन गया है. हर नेता की ओर से एक दावेदार होने के कारण सिर फुटव्वल की स्थिति निर्मित हो गई है. आपसी सामंजस्य बनाने के लिए आला पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने युवाओं की बैठक भी ली, परंतु महत्वाकांक्षा पाले युवाओं के बीच सामंजस्य न होने से बैठक भी बेनतीजा ही रही.
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904