
पुलिस का जीवन विभागीय प्रक्रिया एवं कानूनी दांवपेच में ही उलझा रहता है,,,,,,,,,,,, विधायक नंद
यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने लोगों से सहयोग की अपेक्षा,,,,,,,,टी,आई वासनिक
सरायपाली:- शहर के भंवरपुर रोड में स्थित कृष्णा पैलेस में पुलिस परिवार थाना सरायपाली की ओर से नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन रखा गया था। जिसमें पुलिस विभाग के परिवार जन, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, व्यापारी बंधु, पत्रकार गण आदि बड़ी संख्या में शामिल थे। सरायपाली थाना में पदस्थ टीआई आशीष वासनिक की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किस्मत लाल नंद ने कहा कि पुलिस का जीवन विभागीय प्रक्रिया एवं कानूनी दांवपेंच में ही उलझा रहता है। जीवन में हमेशा तनाव बना रहता है। पुलिस भी समाज का एक अभिन्न अंग है। इस तरह के आयोजन से एक दूसरे को भलीभांति समझ सकते हैं। विधायक श्री नंद ने अपने सेवाकाल के दौरान घटित घटनाओं का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि पुलिस अपने जीवन में इतना व्यस्त हो जाते हैं कि समाज से भी जुड़ने का मौका नहीं मिल पाता। उनका जीवन थाना से घर, घर से थाना तक ही सीमित हो जाता है। इस तरह के आयोजन से मन का बोझ हल्का होता है और अपने कार्य के प्रति नई ऊर्जा के साथ फिर अग्रसर होते हैं। प्रदीप गुप्ता ने कहा कि समाज में पहले पुलिस को लेकर जो डर का माहौल था उसके पीछे लोगों की अशिक्षा थी। शिक्षा का प्रचार प्रसार होने से लोगों की पुलिस के प्रति धारणा बदली है। संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच सीधा संवाद होना आवश्यक है। कमलेश साहू ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस परिवार की ओर से आयोजित इस तरह का कार्यक्रम पुलिस एवं जनता के बीच एक सेतु का काम करता है। पुलिस के कंधे पर हम सब की सुरक्षा का दायित्व होता है इसलिए हमें पुलिस से डरने की बजाय उनका सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर सेवाराम अग्रवाल, तबारक हुसैन आदि ने भी अपना अनुभव साझा करते हुए इस आयोजन की सराहना की। भरत अग्रवाल ने टीआई वासनिक के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने विभागीय दायित्व के बीच समय निकाल कर समाज सेवा का कार्य कर एक अलग पहचान बनाई है। इसी के चलते वे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने न सिर्फ अपराध पर अंकुश लगाने का काम कर रहे हैं बल्कि समाज में एक खुशनुमा माहौल निर्मित हो इसके लिए प्रयासरत हैं। पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे नवाचार ‘हमर पुलिस हमर संग’ ‘चलित थाना’ ‘हमर बेटी हमर अभिमान’ जैसे कार्यक्रमों से लोगों के मन में सकारात्मक सोच पैदा हुई है।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने लोगों से सहयोग की अपील
इस अवसर पर टीआई वासनिक ने उपस्थित जनप्रतिनिधि, व्यवसाय, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के सहयोग से ही अपराध पर अंकुश लगा सकते हैं। उन्होंने नगर में यातायात व्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि दुकान के सामने बेतरतीब वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है जिससे यातायात व्यवस्था बाधित होती है। इसे ठीक करने के लिए आप सब के सहयोग की आवश्यकता है। साथ में उन्होंने नागरिकों एवं पत्रकारों को एक सूचना साझा करते हुए बताया कि महासमुंद क्षेत्र में दो ठग गहना लेकर फरार हो गए हैं। यह घटना बसना सरायपाली क्षेत्र में भी घटित हो सकती है इसलिए क्षेत्र में कोई भी अनजान व्यक्ति गहना साफ करने के लिए घर आते हैं तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा सावधान रहें। ये लोग ऐसे समय में आते हैं घर के पुरुष सदस्य जब काम के सिलसिले में बाहर गए होते हैं।

CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904