google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

मेढ़की में मिनी स्टेडियम का लोकार्पण, सांसद भोजराज नाग ने गिनाईं केंद्र की योजनाएं; विधायक बोलीं—“विकास में कोई कमी नहीं होगी”

🏟️ मेढ़की में मिनी स्टेडियम का लोकार्पण, सांसद भोजराज नाग ने गिनाईं केंद्र की योजनाएं; विधायक बोलीं—“विकास में कोई कमी नहीं होगी”

गांव बंद रखकर बाजे-गाजे के साथ हुआ अतिथियों का स्वागत, सरपंच मंजुलता साहू ने 56 लाख के विकास कार्यों के लिए सांसद-विधायक सहित जनप्रतिनिधियों को सौंपे मांगपत्र

बालोद। जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत ओरमा के आश्रित ग्राम मेढ़की में खेल एवं युवाओं के लिए बड़ी सौगात के रूप में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित मिनी स्टेडियम का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने की।

अतिथियों के आगमन पर ग्रामीणों ने गांव बंद रखकर बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच श्रीमती मंजुलता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

सांसद भोजराज नाग ने बताईं केंद्र सरकार की योजनाएं

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि मिनी स्टेडियम के निर्माण से मेढ़की सहित आसपास के गांवों के युवाओं और खिलाड़ियों को खेल अभ्यास एवं अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

विधायक संगीता सिन्हा बोलीं—मेढ़की में विकास पहले भी हुआ, आगे भी होगा

विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि मेढ़की में पहले भी विकास कार्य हुए हैं और आगे भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जरूरत और मांग के अनुरूप क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

सरपंच मंजुलता साहू ने सौंपे 56 लाख के विकास कार्यों के मांगपत्र

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच श्रीमती मंजुलता साहू ने ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए सांसद, विधायक, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद सदस्य को मांगपत्र सौंपे। मांगपत्रों में कुल 56 लाख रुपये के निर्माण कार्यों की मांग रखी गई।

सांसद भोजराज नाग से मांग:

  • मेढ़की में कला मंच के बाजू में प्रतीक्षालय एवं 30 मीटर नाली निर्माण के लिए 10 लाख रुपये।
  • ओरमा में मुंडन संस्कार के लिए बैठक व्यवस्था एवं टीन शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये।

विधायक संगीता सिन्हा से मांग:

  • मेढ़की में नहर किनारे गणपत घर से छबील साहू के गोदाम तक नाली निर्माण के लिए 5 लाख रुपये।
  • नहर किनारे आबादी पारा में निर्मल यादव के घर से मनी साहू के घर तक नाली निर्माण के लिए 5 लाख रुपये।

जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया से मांग:

  • मेढ़की में ललिता ठाकुर के घर से नहर कुलापा तक एवं भारत साहू के घर से डबरी तक नाली निर्माण के लिए 10 लाख रुपये।
  • मेढ़की में शिव मंदिर से मुक्तिधाम तक तालाब किनारे सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये।

जिला पंचायत सदस्य निधि से मांग:

  • ओरमा मुख्यालय में पुराने आंगनबाड़ी केंद्र के पास समुदाय के लिए किचन शेड निर्माण हेतु 3 लाख रुपये।

जनपद विकास निधि से मांग:

  • ओरमा गौठान में मवेशी चरवाहों के लिए बैठक व्यवस्था एवं टीन शेड निर्माण हेतु 3 लाख रुपये।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश सिरवानी, जिला भाजपा महामंत्री छोटू राकेश यादव, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू, जिला भाजपा मंत्री प्रेम साहू, अध्यक्ष अरुण साहू, जनपद सदस्य मोहनी स्पार्कर, सीता यशवंत साहू, ग्राम समिति मेढ़की अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुणवंत श्रीवास्तव, सेवा सहकारी समिति मेढ़की अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ग्राम समिति ओरमा अध्यक्ष महादेव निषाद, पंचायत सचिव संतोष साहू, उपसरपंच रामचंद्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

इसके अलावा ग्राम विकास समिति के पदाधिकारी, ग्राम पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में मेढ़की, ओरमा और आसपास के ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।

मिनी स्टेडियम के लोकार्पण के साथ ग्रामीणों द्वारा रखी गईं 56 लाख रुपये के विकास कार्यों की मांगों से अब क्षेत्र में आगामी विकास कार्यों को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *