
बालोद 31 जनवरी 2023
कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अंतर्गत अंतिम दिन आज 31 जनवरी को जिले के बालोद विकासखण्ड के धान खरीदी केन्द्र पीपरछेड़ी में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी के अंतिम दिन आज अपने धान की बिक्री करने हेतु धान खरीदी केन्द्र में पहुंचे किसान श्री गोंविद राम साव एवं श्री चोवाराम सेन का फूलमाला पहना कर और पौधे भेंटकर स्वागत किया। कलेक्टर श्री शर्मा ने इन दोनो किसानों को शुभकामनांए दी तथा उनका हालचाल पूछा। किसान गोंविद राम ने कहा कि इस खरीफ विपणन वर्ष में वे दूसरी बार अपनी धान की बिक्री करने धान खरीदी केन्द्र में पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष इसके पूर्व भी वे अपनी धान की बिक्री कर चुके हैं। शेष धान की बिक्री वे आज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि धान बिक्री करने में इस वर्ष किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। इसके साथ ही तत्काल उसे धान बिक्री की राशि भी प्राप्त हो गई। श्री शर्मा ने अपने धान की बिक्री करने पहुंचे इन दोनो किसानों के धान की तौलाई भी कराया।
इस दौरान कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित किसानों से धान खरीदी केन्द्र के व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने शासन की धान खरीदी नीति तथा धान खरीदी केन्द्र में किये गये व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रो में किए गये समुचित व्यवस्थााओं के फलस्वरूप इस वर्ष किसानों को अपने धान की बिक्री करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। किसानों ने कलेक्टर श्री शर्मा से धान खरीदी केन्द्र में कार्यालय खोलने की मांग की। कलेक्टर श्री शर्मा ने धान खरीदी केन्द्र परिसर में आम के पौधे का रोपण भी किया। इस दौरान एसडीएम श्रीमती शीतल बंसल, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आर.पी.राठिया, खाद्य अधिकारी श्री तुलसी ठाकुर सहित अन्य अधिकारी -कर्मचारी गण उपस्थित थे।

CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904