google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

25 को आयेंगे मुख्यमंत्री डौंडीलोहारा,5 हजार महिलाओं का होगा सम्मान

डौंडीलोहारा में 25 अगस्त को सजेगा महिला शक्ति का महासम्मान मंच, 5 हजार महिलाओं का होगा सम्मान-

सीएम साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे शामिल, कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की संभावना; क्षेत्र को मिल सकती हैं विकास कार्यों की बड़ी सौगात- बालोद। डौंडीलोहारा नगर के मिनी स्टेडियम में आगामी 25 अगस्त को महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा और यादगार आयोजन होने जा रहा है। डौंडीलोहारा भाजपा मंडल के तत्वावधान में नगर के मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले प्रस्तावित वृहद कार्यक्रम में बिहान एवं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी करीब 5 हजार महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के शामिल होने की सहमति मिलने के बाद भाजपा संगठन ने आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी हैं। संगठन के अनुसार जिले में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बिहान एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के सम्मान का यह पहला बड़ा आयोजन होगा। कार्यक्रम को लेकर डौंडीलोहारा सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में उत्साह का माहौल बनने लगा है। आयोजन के जरिए महिला शक्ति, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी का संदेश देने की तैयारी है।

सीएम और विधानसभा अध्यक्ष को दिया आमंत्रण-
कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को डौंडीलोहारा भाजपा मंडल के पदाधिकारियों ने राजधानी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें प्रस्तावित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बतौर अतिथि शामिल होने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी। इस दौरान प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी संध्या पारगिया, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, डौंडीलोहारा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री देवेंद्र जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य होरीलाल रावटे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा उपाध्याय, मंडल महामंत्री दुष्यंत गिरी, सोमेन्द देशमुख, जनपद उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर, युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष पन्नू साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कई बड़े नेता भी कार्यक्रम में हो सकते हैं शामिल-
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के अलावा कार्यक्रम वित्त मंत्री ओपी चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, विधायक भावना बोहरा वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पांडे, सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम अतिथि सूची कार्यक्रम के समय के अनुसार तय होगी। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगों और विकास परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं। इससे डौंडीलोहारा क्षेत्र में अधोसंरचना और विकास कार्यों को गति मिलने की संभावना है।

5 हजार महिलाओं का एक साथ होगा सम्मान-
बिहान और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विभिन्न समूहों के माध्यम से महिलाएं आज स्वरोजगार और सामूहिक आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे रही हैं। ऐसे में एक साथ करीब 5 हजार महिलाओं का सम्मान उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान देने की बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन के पदाधिकारी लगातार बैठकें और संपर्क कर रहे हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता का बनेगा संदेश-
भाजपा संगठन का कहना है कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का बड़ा मंच बनेगा। हजारों महिलाओं की एकजुट मौजूदगी के बीच होने वाला यह कार्यक्रम डौंडीलोहारा क्षेत्र में सामाजिक भागीदारी और महिला सशक्तिकरण का संदेश देगा। 25 अगस्त को मिनी स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन पर अब पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *