
स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष उठाई थी डॉक्टरों की कमी की मांग, नियुक्तियों से क्षेत्र में खुशी; मुख्यमंत्री साय और स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल का जताया आभार
डौंडीलोहारा- क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा की पहल अब धरातल पर नजर आने लगी है। डौंडीलोहारा विकासखंड के स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करने की मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के समक्ष उठाए गए मुद्दे के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संजारी में कुल 9 चिकित्सकों की नियुक्ति हुई है।
चिकित्सकों की नियुक्ति से क्षेत्र के लोगों में खुशी और संतोष का माहौल है। शासन स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में मानव संसाधन बढ़ाने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
डौंडीलोहारा CHC में 8, संजारी PHC में 1 चिकित्सक
प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा में डॉ. टीकम साहू, डॉ. आकांक्षा अजगल्ले, डॉ. दीक्षा धुरंधर, डॉ. अनिमेश चंद्राकर, डॉ. सौरव जागीर, डॉ. आयुष मरढ़िया, डॉ. शशांक तेलासी एवं डॉ. तुषार साहू (NHM) की नियुक्ति हुई है।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संजारी में डॉ. प्रांजली ध्रुवे की नियुक्ति की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखी थी क्षेत्र की समस्या
गौरतलब है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने डौंडीलोहारा विकासखंड के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के रिक्त पदों की पूर्ति को लेकर लगातार पहल की थी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों से अवगत कराया था।
इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), बालोद को भी मांगपत्र सौंपकर रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई थी। हाल ही में कुसुम शर्मा द्वारा स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष इस मुद्दे को उठाए जाने की जानकारी भी स्थानीय मीडिया में प्रकाशित हुई थी।
“ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी राहत” — कुसुम शर्मा
चिकित्सकों की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुसुम शर्मा ने कहा कि चिकित्सकों की कमी क्षेत्र की जनता की लंबे समय से महसूस की जा रही प्रमुख आवश्यकता थी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र आम नागरिकों के उपचार का महत्वपूर्ण आधार हैं। डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को कई बार उपचार के लिए दूसरे शहरों अथवा बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि नए चिकित्सकों की नियुक्ति से स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कुसुम शर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। स्वास्थ्य के साथ-साथ शिक्षा, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी वे लगातार सक्रिय रहेंगी।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के प्रति जताया आभार
कुसुम शर्मा ने चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन के सहयोग से क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता पूरी हुई है।
उन्होंने नवनियुक्त चिकित्सकों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सभी चिकित्सक पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ ग्रामीण जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे।
चिकित्सकों की नियुक्ति से डौंडीलोहारा एवं संजारी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम होने की संभावना है।
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904