बालोद cg24 आजतक
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने जिले में कोविड-19 टीकाकरण के सुचारू रूप से संचालन हेतु आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला टाॅस्क फोर्स समिति की बैठक ली। उन्होंने जिले में प्रथम चरण में लगाए जा रहे कोविड-19 टीकाकरण की प्रगति की विस्तारपूर्वक चर्चा की और आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. एस.के.सोनी ने बताया कि जिला चिकित्सालय बालोद, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अर्जुन्दा के अलावा 25 जनवरी सोमवार से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डौण्डी और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुरूर में भी कोविड-19 का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों स्वास्थ्य केन्द्रों में भी टीकाकरण के लिए पूर्वाभ्यास कर लिया गया है। कलेक्टर ने जिले में अब तक कुल टीकाकृत हुए हितग्राहियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को या उसके परिवार के अन्य सदस्यों को सर्दी, खांसी, बुखार, श्वास लेने में कठिनाई, स्वाद या गंध नहीं आने पर तत्काल कोरोना जाॅच कराना चाहिए।
जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान अब 31 जनवरी से 02 फरवरी के बीच चलाया जाएगा। शून्य से पाॅच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलाया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। उन्होंने पल्स पोलियो अभियान की तैयारी की जानकारी ली। बैठक में एस.डी.एम. गुण्डरदेही भूपेन्द्र अग्रवाल, कोविड-19 टीकाकरण के जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जे.पी.मेश्राम, सिविल सर्जन डाॅ. एस.एस.देवदास, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डाॅ. भूमिका वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904