Breaking News
google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक ली



बालोद 27 जून 2022
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी सुराजी ग्राम योजना अंतर्गत नरवा विकास, बाड़ी विकास, पशुपालकों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री महोबे ने जिले में संचालित सक्रिय गौठानों में प्रतिदिन 02 क्विंटल गोबर खरीदने के निर्देश दिए। उन्होंने वास्तविक गौवंशी एवं भैंसवंशी पशुपालकों की पहचान कर पंजीयन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना अंतर्गत जिले के विभिन्न गौठानों में गोबर खरीदी व उठाव की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गौठानो में गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण, उठाव और विक्रय की प्रक्रिया सतत् रूप से जारी रहे। कलेक्टर ने गौठानों में आवर्ति चारागाह निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली और स्वीकृत चारागाहों के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठानों में संचालित मुर्गीपालन, अंडा उत्पादन, सुकर पालन, बकरी पालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उसके समुचित संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने जिले में सेनेटरी नेपकिन उत्पादन के संबध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिले में उर्वरकों की मांग के अनुरूप पूर्ति हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ.रेणुका श्रीवास्तव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत ठाकुर सहित कृषि, उद्यान, पशुपालन विभाग के अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारीगण उपस्थित थे।
क्रमांक/322/नेताम
–00–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *