
समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
बालोद 27 जून 2022
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने कहा कि गौठानों के सभी नोडल अधिकारी प्रति सप्ताह अनिवार्य रूप से संबंधित गौठानों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। श्री महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को गौठान निरीक्षण के दौरान गौठान में संचालित आजीविकामूलक गतिविधियों का अवलोकन करने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। श्री महोबे ने कहा कि नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी योजना शासन की विशेष प्राथमिकता वाली योजना है, इसलिए जिले में इस योजना का बेहतर क्रियान्वयन होना आवश्यक है। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ.रेणुका श्रीवास्तव सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के अलावा विभाग प्रमुखगण उपस्थित थे।
श्री महोबे ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि गोठानों में नियमित रूप से गोबर की खरीदी हो रही है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को आगामी समय-सीमा की बैठक में गौठानों की व्यवस्था बेहतर बनाने के संबंध में किए गए कार्यों की प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने आवर्ति चारागाह के कार्यों की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त शाला भवनों एवं आश्रम छात्रावास भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए ऐसे भवनों को तत्काल डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए हैं। जिससे कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित न हो सके। सहकारी समितियों में खाद-बीज की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को इसकी सतत् मानीटरिंग करने के निर्देश दिए। श्री महोबे ने वर्षा ऋतु में सभी शासकीय भवनों में अनिवार्य रूप से तड़ित चालक लगाने के निर्देश भी सभी विभाग प्रमुखों को दिए हैं।
कलेक्टर ने वृक्षारोपण अभियान के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजना बनाकर इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को आपसी समन्वय बनाकर इस कार्य को करने को कहा है। श्री महोबे ने खेल अधिकारी को जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा इसके लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। जिले में सी-मार्ट के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा 01 जुलाई से अनिवार्य रूप से सी-मार्ट प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि तक सी-मार्ट के लिए जरूरी व्यवस्थाएॅ सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जिले में कोरोना वायरस के प्रसार के नियंत्रण के जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए तथा इसके लिए शतप्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा कराने को कहा।
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904