
बालोद 02 अगस्त 2022
कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत बालोद जिला प्रशासन द्वारा जिले के प्रत्येक घरों में तिरंगा पहुॅचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस अभियान को सफल बनाने हेतु बिहान अंतर्गत गठित स्वसहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से तथा लाईवलीहुड काॅलेज में तिरंगा तैयार किया जा रहा है। जिससे जिले के प्रत्येक घरों में तिरंगे की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा तिरंगे तैयार कर इसकी बिक्री भी प्रारंभ कर दी है। इसके अंतर्गत आज जिले के बालोद विकासखण्ड के ग्राम बघमरा के तुलसी स्वसहायता समूह, उपकार सोप्ट स्वसहायता समूह, कपिलेश्वर स्वसहायता समूह और सहेली स्वसहायता समूह की महिलाओं के द्वारा कलेक्टोरेट परिसर बालोद में स्टाॅल लगाकर तिरंगे की बिक्री की जा रही है। समूह की महिलाओं ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग उनके स्टाॅल में पहुॅचकर तिरंगे की खरीदी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तिरंगे की दर प्रति नग 50 रूपए निर्धारित की गई है।
जिले के प्रत्येक घरों में तिरंगे की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु बिहान के अंतर्गत गठित महिला स्वसहायता समूह के अलावा लाईवलीहुड काॅलेज में भी तिरंगा तैयार किया जा रहा है। सहायक संचालक कौशल विकास ने बताया कि लाईवलीहुड काॅलेज में भी तिरंगा तैयार करने का कार्य निरंतर जारी है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रत्येक घरों में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता के महापर्व में देश के सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया है। कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार बालोद जिले में इस अभियान को सफल बनाने हेतु पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित की जा रही है।

CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904