
रोहिना ओवरऑल चैंपियन बना
समापन अवसर पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति
विजेता खिलाड़ियों को विधायक नंद के हाथों पुरस्कार वितरण
सरायपाली:- ग्राम बम्हनीनडीह में संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसके समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किस्मत लाल नंद थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता खोकसा सरपंच भोगसिंह सिदार ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य सोनसाय सिदार, हाई स्कूल रोहिना के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष कुंतल प्रसाद साहू, बीआरसीसी ललित देवता एवं बीईओ जेआर डहरिया, गणेश राम साहू, गयाराम साहू आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री नंद ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ साथ खेलों का भी विशेष महत्व है। परीक्षा के पूर्व इस तरह के सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिता आयोजित होने से विद्यार्थी परीक्षा के तनाव से मुक्त हो पाएंगे। बच्चों से अपील करते हुए कहा कि जिस ऊर्जा और उत्साह के साथ खेलों में भाग लिया है उसी ऊर्जा और उत्साह के साथ परीक्षा में जुट जाएं। इसके पूर्व संकुल समन्वयक टीआर पटेल ने प्रतिवेदन वाचन करते हुए बताया कि खोकसा संकुल केंद्र बनने के बाद पहली बार संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 7 प्राथमिक शाला, 2 उच्च प्राथमिक शाला, 2 हाई स्कूल के करीब 7 सौ बच्चों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, रिले रेस, दौड़, फुगड़ी, बाल्टी बाल, सुरीली कुर्सी जैसे मनोरंजक खेल शामिल थे। प्रतियोगिता में रोहिना के छात्रों ने खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में दबदबा कायम करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। ओवरऑल चैंपियन में प्रथम स्थान हाईस्कूल स्तर में रोहिना, द्वितीय खोकसा, मिडिल स्कूल स्तर में प्रथम रोहिना, द्वितीय खोकसा, प्राथमिक स्तर में प्रथम रोहिना, द्वितीय बम्हनीनडीह रहा। विजेता खिलाड़ियों को विधायक नंद के हाथों पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन सागरपाली सरपंच कालिंदी मुन्ना अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य, खोकसा सरपंच भोगसिंह सिदार की अध्यक्षता एवं रोहिना सरपंच जज्ञसिनी चूड़ामणि साहू, रोहिना सहकारी समिति अध्यक्ष दुखीश्याम पटेल संकुल प्रभारी पीएन ठाकुर के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
समापन के अवसर पर छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इस प्रतियोगिता में कर्मा, सुआ, संबलपुरी,गरबा, राजस्थान की कालबेलिया सहित कई लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। खासकर रोहिना हाई स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राजस्थान की कालबेलिया नृत्य लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दर्शकों ने रोहिना मिडिल स्कूल के छात्राओं द्वारा प्रस्तुत संबलपुरी नृत्य को भी खूब सराहा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
प्रतियोगिता को सफल बनाने में संकुल प्रभारी पी एन ठाकुर संकुल समन्वयक टीआर पटेल, हाई स्कूल प्रभारी प्राचार्य एके जायसवाल, व्याख्याता कमलेश चंद्रकांत चौरसिया, रूपलाल चौहान, शिक्षक एस एल चौहान, एनके चौहान, महावीर भोई श्रीमती आर पटेल, वैजयंती साहू, गीता पटेल, बोधन पटेल, देवलाल सिदार, आरपी बंजारे, एनके पटेल, सूरज कुमार पटेल सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं एवं ग्रामवासी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन एनके चौहान सीके चौरसिया एवं कमलेश साहू द्वारा किया गया आभार व्यक्त संकुल संबंधित या पटेल ने किया।

CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904