Breaking News
google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

बरही आदर्श गौठान में किया गया जिले
के प्रथम प्राकृतिक पेंट इकाई का शुभारंभ
विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने पोताई कर प्राकृतिक पेंट के गुणवत्ता को परखा



बालोद 28 जनवरी 2023
जिले के बालोद विकासखण्ड के ग्राम बरही स्थित आदर्श गौठान में आज जिले के प्रथम प्राकृतिक पेंट इकाई का शुभारंभ किया गया। बरही गौठान में आयोजित समारोह में आज विधायक संजारी-बालोद श्रीमती संगीता सिन्हा, कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती धनेश्वरी सिन्हा, जनपद पंचायत सदस्य सुश्री अमृता नेताम, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ.रेणुका श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। इस दौरान अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के पश्चात् फीता काटकर इस नवनिर्मित प्राकृतिक पेंट इकाई का विधिवत् शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने बरही गौठान में निर्मित मुर्गीपालन शेड के दीवाल का पोताई कर गोबर से निर्मित प्राकृतिक पेंट के गुणवत्ता को परखा। विधायक श्रीमती सिन्हा एवं अतिथियों ने प्राकृतिक पेंट इकाई की गुणवत्ता की सराहना भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि आज का दिन हम जिले वासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। आज बरही गौठान में जिले के पहला प्राकृतिक पेंट इकाई का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने गोबर को बहुउपयोगी बनाने के साथ-साथ इसके माध्यम से प्राकृतिक पेंट का निर्माण करने के दूरगामी सोंच के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद दिया। श्रीमती सिन्हा ने कहा कि राज्य शासन के प्रयासों के फलस्वरूप आज गोबर का उपयोग असीमित हो गया है। उन्होंने गोबर की महत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि पहले हमारे घरों को गोबर से पोताई कर शुद्धिकरण किया जाता था। वर्तमान के अत्याधुनिक समय में भी गोबर का महत्व एवं प्रासंगिकता पहले की भांति है। आज के आधुनिक समय में भी शादी-ब्याह, पूजा-पाठ एवं अन्य सभी शुभ कार्यों को करने के पहले अनिवार्य रूप से उस स्थान का गोबर से पोताई की जाती है। इस अवसर पर उन्होंने गोबर से बनी इस प्राकृतिक पेंट के महत्व के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि गोबर से बनी इस प्राकृतिक पेंट के महत्व का अनुगुंज एवं उपयोगिता राज्य के बाहर भी हो सके।
कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने आदर्श गौठान बरही में जिले के प्रथम प्राकृतिक पेंट इकाई की शुरूआत होने पर जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएॅ दी। उन्होंने कहा कि नरवा, गरूवा, घुरवा एवं बाड़ी योजना राज्य शासन की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इसका बहुउपयोगी परिणाम भी हम सभी को देखने को मिल रहा है। इसके साथ-साथ बरही गौठान में गोबर से निर्मित होने वाली प्राकृतिक पेंट इकाई की स्थापना से एक नया अध्याय और भी जुड़ गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गोबर से निर्मित प्राकृतिक पेंट इकाई के महत्व एवं इससे होने वाले लाभ के संबंध में भी जानकारी दी। श्री शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक पेंट से पर्यावरण के रक्षा के साथ-साथ अन्य पेंटों के निर्माण में प्रयुक्त रासायनिक पदार्थों से होने वाले दूष्प्रभावांे से रक्षा भी करेगी। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक पेंट का मूल्य भी बाजार में मिलने वाली अन्य पेंटो से कम है। कलेक्टर ने कहा कि इस प्राकृतिक पेंट का उपयोग हम सभी शासकीय कार्यालयों के रंगाई-पोताई में करेंगे। बरही गौठान में प्राकृतिक पेंट इकाई की स्थापना होने से बरही एवं आसपास के गाॅव के लोगांे को पेंट खरीदने के लिए बरही से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक पेंट के उपयोग से किसी प्रकार की हानि नहीं होती तथा बरही में प्राकृतिक पेंट इकाई के निर्माण होने से ग्रामीणों को रोजगार भी मिलेगा। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा गोबर पेंट इकाई के क्रियाविधि का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत ठाकुर, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएॅ डाॅ. शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *