Breaking News
google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

महतारी वंदन योजना के लंबित सभी आवेदनों का निराकरण शीघ्र सुनिश्चित करें: कलेक्टर श्री चन्द्रवाल



महिला एवं बाल विकास विभाग के समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
बालोद, 10 जनवरी 2025
कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल महतारी वंदन योजना के अंतर्गत इस योजना का लाभ लेने हेतु महिलाओं के आवेदन के पश्चात् सत्यापन हेतु लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्री चन्द्रवाल आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में विभाग के अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। श्री चन्द्रवाल ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों का सूक्ष्मता से मिलान कर इसका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा है। जिससे कि जिले के कोई भी पात्र महिला इस योजना का लाभ लेनेे से वंचित न रहे। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत राज्य व केंद्र सरकार के विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. के के टंडन, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री डीपी सिंह सहित परियोजना अधिकारी, सेक्टर सुपरवाईजर एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में श्री चन्द्रवाल ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों मंे बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आंगनबाड़ी केन्द्रों के वाटर फिल्टर के स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने ’मोर लइका, स्वस्थ लइका’ अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों के गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों के स्थिति में सुधार के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने इन बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले में इस कार्य के प्रगति के संबंध में भी जानकारी ली। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने पोषण ट्रेकर एप्प की एंट्री के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रतिदिन इसकी समुचित माॅनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। श्री चन्द्रवाल ने छत्तीसगढ़ महिला कोष ऋण योजना के क्रियान्वयनों की समीक्षा करते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु बहुत ही कारगर एवं महत्वपूर्ण योजना बताया। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद महिलाओं के प्राथमिकता के साथ इस योजना का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने इस योजना का समुचित प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में श्री चन्द्रवाल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में नोनी सुरक्षा योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आदि के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन, प्रगतिरत एवं अपूर्ण आंगनबाड़ी भवन निर्माण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। श्री चन्द्रवाल ने सभी परियोजना अधिकारियों सहित विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से इसकी माॅनिटरिंग कर अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों में विद्युतीकरण, ओवरहेड टैंक के स्थापना की भी समीक्षा की। श्री चन्द्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *