
गौठान में रखे 300 से अधिक गौवंश रहस्यमय ढंग से गायब, गौ तस्करी की आशंका
इस मामले के मेन खिलाड़ी के विरुद्घ मोर्चा खोल दिया है,मामले में कुछ लोग लीपापोती करने सामने आ रहे है- गोरेलाल सोनी समाजिक कार्यकर्ता डौंडी
बालोद: जिले के डौंडी ब्लॉक मुख्यालय से रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात को 300 से 350 बेसहारा गौवंश रहस्यमय ढंग से ताला लगे गौठान से गायब हो गए। गौ तस्करों के द्वारा चोरी कर कत्लखाने भेजने का आरोप विहिप सहित नगर के जनप्रतिनिधियों एवं आमजनता के द्वारा लगाया जा रहा है।
समझिए क्या है पूरा मामला….
बता दें कि डौंडी ब्लॉक मुख्यालय में मंगलू गार्डन के पास बने गौठान में रविवार को नगर पंचायत के दो कर्मचारी एवं किसानों ने बेसहारा गौवंश को चराने के बाद रखा था और सोमवार की सुबह पुनः चराने के लिए पहुंचे तो देखा कि गौठान में एक भी गौवंश नहीं है। दिनभर ढूंढा गया लेकिन गौवंश का कहीं पता नहीं चला । जिसकी जानकारी नगर पंचायत को दे दी गई। जिसके बाद विवादित सीएमओ संतोष देवांगन सहित नगर पंचायत कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने कोई कारवाई नहीं की। बुधवार को मीडिया के माध्यम से गौवंश के गायब होने की खबर पूरे डौंडी ब्लॉक में आग की तरह फैलने पर विहिप के जिला उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने नगर पंचायत डौंडी पहुंचकर पार्षदों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जानकारी ली और डौंडी थाने में गौठान से गायब हुए गौवंश को गौतस्करों के द्वारा कत्लखाने भेजे जाने की आशंका को लेकर जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही हेतु ज्ञापन सौंपा।
पूर्व में भी गायब हो चुके है गौवंश, मामला भी हुआ था दर्ज…
इस पूरे मामले का भंडाफोड़ करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता गोरेलाल सोनी ने बताया कि पूर्व में भी इसी प्रकार से बेसहारा गौवंश को चराने के बाद सामुदायिक भवन के कैंपस में रखा जाता था, वहां से भी 40- 50 गौवंश गायब हुए थे, लेकिन कोई कारवाई नहीं हुई थी। इस बार भी उसी तर्ज पर फिर ये कुकृत्य हुआ है, जिसकी जांच होनी चाहिए। इस घृणित कार्य में कुछ सफेदपोश और तथाकथित हिंदुत्व एवं गौमाता की सेवा का दंभ भरने वाले ठेकेदार भी शामिल है। जिन्होंने चंद पैसों के लालच में इस घिनौने काम को अंजाम दिया है ऐसा प्रतीत होता है।
गौतस्करों के द्वारा कत्लखाने भेजे जाने का संदेह…
विहिप जिला उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि गौ माता हमारे सनातन धर्म में पूज्यनीय है। इतनी बड़ी संख्या में इस प्रकार से गौवंश का गायब हो जाना दर्शाता है कि गौतस्करों के द्वारा कत्लखाने भेजे जाने के लिए सुनियोजित तरीके से गौठान से चोरी कर बेच दिया गया है। जिसकी निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए।
विधायक प्रतिनिधि कैलाश राजपूत ने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी स्थानीय विधायक अनिला भेड़िया को दे दी गई है। उनके द्वारा वर्तमान में चल रहे विधानसभा सत्र में इस मामले को उठाने और निष्पक्ष तरीके से उच्चस्तरीय जांच के साथ दोषियों पर कड़ी कारवाई की मांग करने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन सौंपने विहिप जिला उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल सहित पार्षदगणों में ममता जैन, रेखा चौहान, अमरीका ठाकुर, भुनेश्वरी कुंभकार, माधुरी रावटे, किरण बंजारे, अनिल निर्मलकार, सौरभ चौरका, प्रशांत नेताम, हितेंद्र धनकर,यदुनंदन देहारी, सुशील आमला, राजेंद्र मानकर, अनिल कुमेटी एवं शिवम दुबे, अजय चौहान सहित कई सनातनी उपस्थित थे।
गौवंश के गायब होने के मामले की जांच की जा रही है। संबंधितों से पूछताछ कर नियमानुसार कारवाई की जाएगी। चित्रा वर्मा, सीएसपी राजहरा
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904