google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

आईजी अभिषेक शांडिल्य का बालोद में प्रथम आगमन, गुरूर में नए SDOP कार्यालय का शुभारंभ


CG 24 आजतक न्यूज़
बलराम गुप्ता, मीडिया हेड

बालोद- पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य का बालोद जिले में प्रथम आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने गुरूर में नवीन एसडीओपी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया और पुलिस कार्यालय बालोद में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।


बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आईजी का स्वागत करते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध स्थिति एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। आईजी शांडिल्य ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी ने स्पष्ट रूप से कहा कि पुलिसिंग आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष एवं प्रभावी होनी चाहिए। थाना स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई तथा संज्ञेय अपराधों में समय पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। गंभीर मामलों की विवेचना वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान एवं शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही 60 से 90 दिनों के भीतर समयबद्ध प्रकरणों में चालान पेश करने के निर्देश दिए।


आईजी शांडिल्य ने चौक-चौराहों पर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर ग्रामीणों से समन्वय बनाने और अपराधों पर सतत नजर रखने के लिए कहा गया।
तकनीकी सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने CCTNS, NCRB के ई-समंस पोर्टल, साइबर क्राइम पोर्टल (NCCRP), Netgrid एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही एमएलसी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट को ऑनलाइन माध्यम से भेजने की व्यवस्था को भी मजबूत करने को कहा।
सड़क सुरक्षा को लेकर आईजी ने विशेष निर्देश देते हुए महिला कमांडो के साथ समन्वय स्थापित कर हेलमेट उपयोग एवं यातायात नियमों के पालन के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
उन्होंने कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने, आमजन से संवाद मजबूत करने, रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग, कॉम्बिंग ऑपरेशन एवं सघन वाहन चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, डीएसपी माया शर्मा, बोनिफास एक्का, राजेश बागड़े, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।


CG 24 आजतक न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *