
बालोद , 01 मई 2026
छत्तीसगढ़ शासन के मंशानुसार जन-समस्याओं के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों को गति देने के लिए आज बालोद जिले में ‘सुशासन तिहार 2026’ का भव्य आगाज हुआ। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी 436 ग्राम पंचायतों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया, जहाँ प्रशासन सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुँचा। इन शिविरों में ग्रामीणों ने अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर भारी उत्साह दिखाया।

सुशासन तिहार’ के प्रथम चरण में आज सभी ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाए गए थे। यहाँ ग्रामीणों से उनकी मांगों, पेंशन, राशन कार्ड, राजस्व मामलों और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित आवेदन लिए गए। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्राप्त सभी आवेदनों को सूचीबद्ध कर, आगामी जनसमस्या निवारण शिविरों से पहले उनका निराकरण किया जाए और संबंधित ग्रामीणों को इसकी विधिवत जानकारी दी जाए।
आज सुशासन तिहार के प्रथम दिन ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में जिले भर से 10 हजार 283 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें बालोद विकासखंड से 3547 आवेदन, गुरूर विकासखंड से 1238 आवेदन, गुण्डरदेही विकासखंड से 208 आवेदन, डौंडी विकासखंड से 3022 और डौंडीलोहारा विकासखंड से 2268 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्राप्त आवेदनों को अब ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा, जिसके बाद विभागवार समीक्षा की जाएगी। आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले मुख्य शिविरों में आवेदकों को उनके निराकरण की स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904
