
दल्ली राजहरा- नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के उपाध्यक्ष मनोज दुबे ने प्रयास विद्यालय को लेकर सामने आए विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रयास विद्यालय प्रारंभ किया जाना था, किंतु विभिन्न कारणों से यह कार्य अब तक अधूरा है। शिक्षा के क्षेत्र में दल्ली राजहरा पहले से ही अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाया है, ऐसे में प्रयास विद्यालय का शीघ्र संचालन आवश्यक है।
श्री दुबे ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस विषय पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। यदि वर्तमान स्थल पर सुरक्षा संबंधी समस्याएं हैं तो शासन, प्रशासन एवं बीएसपी प्रबंधन को मिलकर इसका स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि बीएसपी प्रबंधन द्वारा वर्षों से नगर की परिसंपत्तियों एवं भवनों का पर्याप्त रखरखाव नहीं किए जाने के कारण अनेक भवन जर्जर अवस्था में पहुंच गए हैं। समय-समय पर आवश्यक मरम्मत, संरक्षण एवं उन्नयन कार्य नहीं होने से कई महत्वपूर्ण भवन अपनी उपयोगिता खोते जा रहे हैं। यह स्थिति केवल एक भवन तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर की आधारभूत संरचनाओं पर भी इसका प्रभाव दिखाई देता है।
मनोज दुबे ने कहा कि बीएसपी प्रबंधन को अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए पुराने भवनों के संरक्षण, मरम्मत एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देना चाहिए। यदि समय रहते आवश्यक कार्य किए जाते तो आज अनेक भवन बेहतर स्थिति में होते और उनका उपयोग शिक्षा, सामाजिक एवं सार्वजनिक हित के कार्यों में किया जा सकता था।
उन्होंने शासन एवं प्रशासन से आग्रह किया कि प्रयास विद्यालय के लिए सुरक्षित एवं उपयुक्त भवन की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके तथा दल्ली राजहरा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके।

CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904