
18 वर्षों तक भाजपा की सेवा करने वाले नेता राकेश जोशी ने दिया इस्तीफा, उपेक्षा और चाटुकारिता को बताया कारण

बालोद :- भारतीय जनता पार्टी के लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता राकेश जोशी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी संगठनात्मक पदों और दायित्वों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भेजते हुए संगठन में लगातार उपेक्षा, सम्मान और अवसरों की कमी तथा स्थानीय एवं प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
राकेश जोशी ने अपने त्यागपत्र में बताया कि वे वर्ष 2006 से भाजपा के सक्रिय एवं प्राथमिक सदस्य रहे हैं और करीब 18 वर्षों तक बिना किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के संगठन की सेवा की। इस दौरान उन्होंने मंडल महामंत्री, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला महामंत्री, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा पूर्णकालिक विस्तारक के रूप में नवागढ़ और कांकेर विधानसभा क्षेत्रों में भी संगठन के लिए कार्य किया।
त्यागपत्र में उन्होंने कहा कि इतनी लंबी सेवा और उच्च शैक्षणिक योग्यता के बावजूद उन्हें वर्षों से संगठन में उपेक्षा का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्ठावान, शिक्षित और जमीनी कार्यकर्ताओं की बजाय चाटुकारिता करने वाले लोगों को अधिक महत्व और अवसर दिए जा रहे हैं, जिससे वे गहरे आहत हैं।
उन्होंने यह भी लिखा कि कई बार अपनी पीड़ा और समस्याओं से पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकला। अंततः लगातार उपेक्षा और वर्तमान नेतृत्व की कार्यशैली से निराश होकर उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।
राकेश जोशी ने कहा कि भाजपा उनके लिए केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि वर्षों तक उनकी विचारधारा और जनसेवा का माध्यम रही है, इसलिए यह निर्णय उनके लिए आसान नहीं था।
फिलहाल इस इस्तीफे पर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
राकेश जोशी ने CG 24 आजतक न्यूज को भेजे पत्र में कई बातों का खुलासा करते हुए संगठन नेताओं के कार्यशैली के ऊपर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।


CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904