
पिछड़ा वर्ग के सशक्तिकरण और ग्राम पंचायत ओरमा के विकास को लेकर हुई चर्चा, हरसंभव सहयोग का मिला आश्वासन
गुण्डरदेही/दुर्ग। छत्तीसगढ़ अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ललित चंद्राकर से ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच मंजूलता साहू ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत के विकास कार्यों तथा पिछड़ा वर्ग समाज के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान सरपंच मंजूलता साहू ने ग्राम पंचायत ओरमा में आवश्यक विकास कार्यों को लेकर उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में गांव की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं नाली निर्माण, सामुदायिक भवन सहित अन्य जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृत कराने का अनुरोध किया गया।
राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ललित चंद्राकर ने सरपंच द्वारा रखी गई मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास तथा पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने ओरमा ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के विकास, सामाजिक सौहार्द और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। सरपंच मंजूलता साहू ने ग्राम पंचायत के विकास के लिए सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करने पर ललित चंद्राकर का आभार व्यक्त किया।
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904