जिले के 06 हजार 267 हेल्थ केयर वर्करों
को प्रथम चरण में लगेगा कोविड-19 टीका
सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 17 जनवरी से
बालोद cg24 आजतक न्यूज़
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने जिले में कोविड-19 टीकाकरण व पल्स पोलियो अभियान की तैयारी हेतु आज जिला स्तरीय टाॅस्क फोर्स की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ली। उन्होंने जिले में प्रथम चरण में कोविड-19 टीकाकरण हेतु बनाए गए कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक चर्चा की और आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. एस.के.सोनी ने बताया कि प्रथम चरण में जिले के 06 हजार 267 हेल्थ केयर वर्करों को कोविड-19 का टीका लगाया जाएगा। जिसमें 5,483 स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानिन, 397 निजी चिकित्सा क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी तथा 387 नर्सिंग काॅलेज के छात्र-छात्राएॅ शामिल हैं।
बैठक में बताया गया कि जिले में कोविड-19 टीकाकरण हेतु कुल 250 टीकाकरणकर्ता का चयन किया गया है। जिसमें बालोद विकासखण्ड सेे 29, डौण्डी विकसखण्ड से 59, डौण्डीलोहारा विकासखण्ड से 68, गुण्डरदेही विकासखण्ड से 50 और गुरूर विकासखण्ड से 42 टीकाकरणकर्ता का चयन किया गया है। कुल 40 कोल्डचेन पाइंट तथा 42 डीप फ्रीजर की व्यवस्था की गई है। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में 63 सत्र में टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। टीकाकरण हेतु पाॅच सदस्यों की एक टीम बनाई जाएगी जिसमें एक-एक टीकाकरणकर्ता, रिकार्ड की जाॅच करने वाला कर्मी, निगरानीकर्ता, मोबिलाइजर और सुरक्षा गार्ड शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि टीकाकरण हेतु प्रतीक्षा कक्ष, टीकाकरण कक्ष और निगरानी कक्ष भी आवश्यक सुविधाओं के साथ सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम सत्र में टीकाकरण हेतु जिले के 41 स्थानों का चिन्हांकन किया गया है। कोविड-19 टीकाकरण हेतु विकासखण्डवार कोल्ड चेन पाइंट रूट मैप तैयार कर ली गई है। रूट मैप अनुसार चिन्हित स्थानों में कोविड-19 वैक्सीन का वितरण किया जाएगा।
कलेक्टर श्री महोबे ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारी हेतु टास्क फोर्स की बैठक में बताया कि जिले में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 17 जनवरी से 19 जनवरी 2021 के बीच चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत शून्य से पाॅच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। जिला टीकाकरण अधिकारी श्री सोनी ने बताया कि सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान हेतु तैयार किए गए माइक्रोप्लान के तहत् 17 जनवरी को बूथ में एवं 18 व 19 जनवरी को घर-घर जाकर छुटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शून्य से पाॅच वर्ष तक के लगभग 77 हजार 140 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। जिसके लिए 743 बूथ बनाए गए हैं। बूथ हेतु 2531 टीम के सदस्यों व 96 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश कुमार चन्द्राकर, कोविड-19 टीकाकरण के जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जे.पी.मेश्राम, सिविल सर्जन डाॅ. एस.एस.देवदास, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डाॅ. भूमिका वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904