
📍 बालोद | 21 मार्च 2026
जिले के प्राथमिक शालाओं में आंगनबाड़ी केन्द्रों से आने वाले छोटे बच्चों के लिए बाल मैत्री कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य 4 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को स्कूल के वातावरण से परिचित कराना और उनके मन में स्कूल के प्रति सहजता विकसित करना है।
शिक्षा विभाग द्वारा शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत बच्चों को आंगनबाड़ी से प्राथमिक शाला तक के संक्रमण (ट्रांजिशन) को आसान बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों में मित्रता, सहयोग और सामाजिक समझ विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके भविष्य के शैक्षणिक जीवन की नींव मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत हर महीने एक तय दिन आंगनबाड़ी के बच्चों को नजदीकी प्राथमिक शालाओं का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान बच्चों को स्कूल परिसर से परिचित कराने के साथ-साथ कक्षा पहली के शिक्षकों और विद्यार्थियों से मिलने-जुलने का अवसर भी मिलेगा।
बच्चों के लिए स्कूल का माहौल रोचक और आनंदमय बनाने के उद्देश्य से बालगीत, कहानी सुनाना, सामूहिक खेल और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे स्कूल को एक सुरक्षित एवं खुशहाल स्थान के रूप में देखने लगेंगे।
👉 विशेष:
यह पहल बच्चों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो प्रारंभिक शिक्षा को और अधिक प्रभावी एवं आनंददायक बनाएगी।

CG24 aajtak news Balram Gupta 9893932904