google.com, pub-8616032207403459, DIRECT, f08c47fec0942fa0

बाढ़ आपदा से बचाव हेतु माॅकड्रिल आयोजित


बालोद cg24 आजतक


कलेक्टर जनमेजय महोबे के मार्गदर्शन में आज तांदुला जलाशय में बाढ़ आपदा से बचाव हेतु एन.डी.आर.एफ की तीसरी वाहिनी बटालियन मुण्डली कटक(ओडिशा) के द्वारा माॅकड्रिल का आयोजन किया गया। तांदुला जलाशय में एन.डी.आर.एफ. कटक की 40 सदस्य, एस.डी.आर.एफ. दुर्ग, नगर सेना की टीम द्वारा बाढ़ में फंसे व्यक्ति को कैसे बचाया जाए, इस संबंध में डेमो का प्रदर्शन किया गया। रेस्क्यू टीम के गोताखोरों द्वारा पानी की गहराई में जाकर डमी व्यक्ति को बाहर निकालकर दिखाया गया। एन.डी.आर.एफ. के मेडिकल सहायक टीम द्वारा सी.पी.आर. का लाइव प्रदर्शन किया गया। साथ ही इम्प्रोवाइज्ड डिवाइस के माध्यम से बाढ़ में फंसे पीड़ित व्यक्ति को कैसे बचाया जाए, इस संबंध में डेमो किया गया। साथ ही अप्रत्यक्ष विधि से रिमोट कन्ट्रोल लाईफबाय द्वारा बचाव का प्रदर्शन किया गया। माॅकड्रिल में चार मोटरबोट का प्रयोग किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ए.के.बाजपेयी ने कहा कि एन.डी.आर.एफ. द्वारा आज तांदुला जलाशय में व्यावहारिक प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें रेस्क्यू किस तरह किया जाता है, उसका प्रत्यक्ष रूप से उम्दा प्रदर्शन किया गया। एन.डी.आर.एफ. की टीम अपनी जान की परवाह किए बगैर आपदा से पीड़ित लोगों की जान की रक्षा करते हैं। इस तरह के आयोजन से हमारी तैयारी क्या है, किसी आपदा से निपटने के लिए उसका हमें अवलोकन करने का अवसर मिलता है। एन.डी.आर.एफ. के डिप्टी कमांडेंट वर्धमान मिश्रा ने कहा कि माॅकड्रिल का उद्देश्य जिला प्रशासन के साथ सामंजस्य व समन्वय स्थापित करना है ताकि बाढ़ या किसी अन्य आपदा में सुव्यस्थित तरीके से निपटा जा सके और साथ ही लोगों की भागीदारी और उनमें जागरूकता लाना है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.आर.पोर्ते, एस.डी.एम. श्री आर.एस.ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान, सुब्रत प्रधान, जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश रावटे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जे.पी.मेश्राम, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के.टीकम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोहित साहू, एस.डी.ओ. पीडब्ल्यूडी बी.के.गोटी, तहसीलदार श्रीमती रश्मि वर्मा सहित अन्य अधिकारी, रेडक्राॅस बालोद के सदस्य आदि मौजूद थे।
इससे पूर्व कल 28 जनवरी को एन.डी.आर.एफ. टीम द्वारा संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा के समय कैसे आपस में सामंजस्य स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य किया जाए इस संबंध में चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों द्वारा बाढ़ से बचाव हेतु अपने विभाग की संसाधनों के संबंध में जानकारी दी गई। अपर कलेक्टर ए.के.बाजपेयी द्वारा बाढ़ एवं अन्य आपदा के समय अधिकारियों को आपस में सामंजस्य स्थापित कर अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए। एन.डी.आर.एफ. के डिप्टी कमांडेंट वर्धमान मिश्रा द्वारा एन.डी.आर.एफ. के गठन तथा उसके कार्यों के बारे में जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *